उन दिनों रात के पौने नौ बजते ही घर में अघोषित कर्फ्यू लग जाता था। घर के बच्चों को इस दौरान उधम मचाने की सख्त मनाही थी।परिवार के बड़े लोग मेज के चारों तरफ कुर्सियां डाल कर बैठ जाते थे, जिस पर पारिवारिक रेडियो चालू अवस्था में रहता था।ठीक पौने नौ बजे एक धीर गंभीर,रौबीली आवाज गूंजती थी "ये आकाशवाणी है अब आप देवकीनंदन पांडेय से समाचार सुनिए" ।
मेज़ के चारों ओर बैठे बड़े लोगों की कुहनियां घुटनों पर होती थी,नज़रें ज़मीन पर और कान रेडियो के स्पीकर की ओर ,कहीं ऐसा न हो कि देवकीनंदन पांडेय जी का कोई शब्द कानों को बाईपास करता हुआ निकल जाए ।सभी बड़े और बुजुर्गों को सर झुकाए,कुर्सियों के किनारे पर लगभग उकडू अवस्था में बैठे देख, हमे ऐसा लगता था जैसे नाई के सैलून पर सबके बाल एक साथ काटे जा रहे हों।
हम बच्चे अपनी नंदन,पराग,चम्पक आदि बाल पत्रिकाएं पढ़ने का उपक्रम करते थे क्योंकि समाचारों में हमारी कोई रुचि न होती थी, न ही हमारी समझ में आते थे। बस एकाध खेल समाचार कभी कभी कानों में पड़ते तो हमारे भी कान थोड़े फड़फड़ा जाते थे। हमारा पालतू कुत्ता भी वक्त की नज़ाकत को समझते हुए पंजों पर थूथन रख,दुम दबाए,बिना कूं कां किये हमारे पास दुबक जाता था। उसे पता था कि यदि ज़रा भी आवाज़ निकली तो बेभाव की पड़ सकती है।वैसे भी कुत्ते इंसानों का मनोविज्ञान इतना ज्यादा समझते है, जितना कि इंसान शायद अपनी प्रजाति के इंसानों का भी नही समझता ।
समाचार खत्म होने के बाद बड़े लोगों में वर्तमान हालातों पर राजनैतिक बहस शुरू होती थी। क्यों कि समाचारों के दौरान पांडेय जी का ऐसा आतंक था कि कोई चूं भी नही करता था, कहीं उस धीर-गम्भीर, गुरुतर, झन्नाटेदार आवाज के स्वामी का वैसा ही भारी हाथ रेडियो से बाहर निकल कर किसी पर पड़ न जाये। हम तो डर के मारे अपनी किताबों में नज़रे गड़ाये रेडियो की तरफ देखते भी नही थे,कहीं पांडेय जी की घूरती आंखे हमसे कोई सामान्य ज्ञान का प्रश्न न पूछ बैठें।सामान्य ज्ञान के नाम पर हमारा रटा रटाया ज्ञान,भारत की प्रधान मंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी,राष्ट्र्पति श्री वी वी गिरी, भारत की राजधानी नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक ही सीमित था,वो भी प्रश्नों के उसी क्रमांक के अनुसार।मतलब यदि कोई पहला प्रश्न ,तीसरे नंबर पर पूछ लेता तो हम यही कहते कि भारत की प्रधानमंत्री नई दिल्ली है। हम अक्सर मनाते कि आज देवकी नंदन पांडेय जी छुट्टी पर हों तो पौने नौ के कर्फ्यू से छूट मिल जाये,परंतु ऐसा कभी हुआ नहीं।और कभी हुआ भी हो तो उनकी जगह रामानुज प्रसाद सिंह समाचार पढ़ देते थे।उनकी आवाज़ भी कम प्रभावशाली नही थी। कुल मिला कर देवकी नंदन पाण्डेय जी की काल्पनिक छवि हमारे मानस में,हिंदी के गुरु जी के समरूप थी,जो जितना अच्छा पढ़ाते थे उतनी ही अच्छी तरह कान भी खींचते थे। दुर्भाग्यवश उनकी वास्तविक छवि हमने वर्ष 2001 में
दूरदर्शन पर देखी, जब वो हमारे बीच नही रहे थे। जैसी उनकी रौबीली आवाज़ थी वैसा ही शानदार व्यक्तित्व भी।
भले ही आज पांडेय जी पंच तत्व में विलीन हो चुके हैं किंतु उनकी आवाज़ आज भी कानों में गूंजती है "ये आकाशवाणी है,अब आप देवकी नंदन पांडेय से समाचार सुनिए"।
ये आवाज़ अमर रहेगी,जिसने हिंदी समाचार वाचन को एक नई दिशा दे कर शीर्ष पर पहुंचाया। जिन्होंने उनकी आवाज़ नही सुनी ,मेरा सुझाव है कि एक बार you tube पर अवश्य सुनें। यकीन कीजिये कि मेरे वक्तव्य में तनिक भी अतिशयोक्ति नही है।
पहले बड़े परिवारों और छोटे घरों में सिर्फ रेडियो और भगवान का स्थान निश्चित और अचल होता था, बाकी जिसे जहां जगह मिलती समा जाता,खासकर बच्चे। कितने भी मेहमान आ जाएं, घर के छोटे होने का कभी अहसास नही होता था । संध्या की आरती और सांध्य- समाचार व हवामहल जैसे रेडियो कार्यक्रम,एक पारिवारिक समारोह जैसे होते थे जिसमे घर का हर सदस्य इन दो निश्चित स्थानों पर एकत्रित होता था।
समय के साथ साथ घर बड़े होते गए और परिवार छोटे। सपने बड़े होते गए,दिल छोटे। पहले घरों में एक रेडियो होता था और एक पूजा घर।बाद में बड़े रेडियो की जगह छोटे ट्रांजिस्टरों ने ले ली। लिहाज़ा,बड़े घरों में रेडियो भी अपने अपने हो गए और भगवान भी अपने अपने। जिन घरों में सिर्फ रेडियो और भगवान का ही स्थान निश्चित हुआ करता था, वहां अब सबके स्थान सुनिश्चित हो गए थे , सिर्फ ट्रांजिस्टर और भगवान ही सुविधानुसार स्थानांतरित होते रहते थे ।
मैं क्वालालम्पुर से जसदेव सिंह बोल रहा हूँ।ये आवाज गूंजते ही हम सब दोस्तों के कान ट्रांज़िस्टर के थोड़े और नज़दीक आ गए । समय था वर्ष 1975, तीसरा हॉकी वर्ल्ड कप फाइनल,भारत और पाकिस्तान के बीच,मलेशिया की राजधानी क्वालालम्पुर में। हिंदी में आंखों देखा हाल सुना रहे थे हॉकी कमेंट्री के जादूगर जसदेव सिंह। जैसे जैसे मैच आगे बढ़ा हम लोगों की सांस ऊपर नीचे होती रही। ऐसा लग रहा था कि हम स्टेडियम में बैठ कर मैच देख रहे हैं ।जसदेव सिंह की ओजपूर्ण आवाज़ में,मोतियों से पिरोये हिंदी के शब्दों की प्रवाहमयी भाषा द्वारा वो आंखों देखा हाल हम लोग कभी नही भूल सकते।गेंद के साथ जसदेव सिंह की जिव्हा चिपकी रहती थी,जैसे एक ज़माने में ध्यानचंद की स्टिक से हॉकी की गेंद। मजाल है कि कहीं ज़ुबान लड़खड़ा जाए या हिंदी के किसी शब्द का उच्चारण गलत हो जाये।जब मैच के आखिरी क्षणों में अशोक कुमार ने विजयी गोल किया और रेफ़री की फाइनल सीटी बजते ही भारत 2 -1 से जीत कर विश्व विजेता बन गया, तो उन क्षणों की गवाही जसदेव की रुँधी हुई,भरे गले से निकली कमेंट्री ने दी।लेकिन उन भावुक पलों में भी उनकी भाषा का तारतम्य और प्रवाह कहीं टूटा नही था।उस विजय के, जसदेव सिंह के वर्णन से हम मित्रों का गला भी भर आया था और आंखें नम हो उठी थीं। आज भी टेलेविज़न पर मैचों के सीधे प्रसारणों में, शायद हम वह नही देख पाए,जो जसदेव सिंह की जादू भारी आवाज़ ने उस दिन हमें दिखा दिया था। ऐसे थे जसदेव सिंह जिन्हें पद्मश्री और पद्मभूषण जैसे राष्ट्रीय पुरुस्कारों से भी नवाज़ा गया था और ओलिंपिक का सर्वश्रेष्ठ पुरुस्कार Order of Olympic भी मिला।जसदेव सिंह ने न केवल हॉकी विश्व कप,बल्कि कई ओलिंपिक खेलों और एशियन गेम्स की कमेंट्री को भी अपनी जादुई आवाज़ से जीवंत बनाया। इसके अलावा वर्षों तक गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय समारोह का भी आंखों देखा हाल सुनाया। हम दोस्तों ने जसदेव सिंह की आवाज़ सुनी थी, लेकिन वे दिखते कैसे हैं इसका हमे कोई अंदाज़ा नही था। वर्ल्ड कप फाइनल के कुछ दिनों बाद किसी स्पोर्ट्स मैगज़ीन में एक सिख व्यक्ति की तस्वीर के नीचे "हॉकी कमेंट्री के जादूगर जसदेव सिंह" लिखा देख हम हैरान रह गए ...कोई सरदार इतनी शुद्ध धाराप्रवाह हिंदी बोल सकता है, ये हमने सपने में भी नही सोचा था। हम दौड़ कर सबसे पहले अपने अभिन्न मित्र मंजीत सिंह उर्फ हैप्पी के घर गए । ज्यादातर सरदार बच्चों के निक नेम 'हैप्पी' ही हुआ करते हैं। हैप्पी पर जसदेव सिंह के सिख होने का रहस्य उजागर करने पर है उसने अपनी विशिष्ट पंजाबी शैली में हमारे नाम के आगे और पीछे विशेषण लगा कर फटकारा कि सरदारों पर जोक्स तक तो ठीक है पर ऐसा मज़ाक अच्छी बात नही है। सबूत हम साथ ले गए थे जिसे प्रस्तुत करने पर उसे यकीन हुआ कि जसदेव सिंह वास्तव में सरदार ही हैं। उसके बाद सड़क पर ही हमने इस खबर को बिना म्यूजिक के, बल्ले बल्ले करते हुए ,भांगड़ा स्टाइल में सेलिब्रेट किया। हैप्पी ने बहुत ही मासूमियत से पूछा "अब तो तुम सरदारों पर चुकुले नही छोड़ोगे न ! "
हैप्पी की बात तब बाल सुलभ मन को लग गई थी ,वो आज तक दिल में लगी हुई है।तब हम छोटे थे,मन में भाव थे लेकिन कहने को शब्द नही थे।लेकिन आज मैं समय के साथ खोये हुए अपने लंगोटिया यार को कहना चाहता हूं कि हैप्पी ! अपने ऊपर वही हंस सकता है जो निश्छल होता,साहसी होता है और खुले हृदय का होता है।सरदार अपने खुद के चुटकुलों पर खुल कर हंसते हैं तो ये उनके स्वभाव का बड़प्पन दर्शाता है।खेल भावना दिखाता है। आश्चर्य नही की 1975 की विश्व विजेता टीम के आधे से ज्यादा खिलाड़ी सरदार थे और उनका नेतृत्व कर रहे थे अपने समय के सर्वोत्तम सेंटर हाफ अजीतपाल सिंह। आजकल तो चुटकुले भी धर्म,सम्प्रदाय,वर्ण और जातियों में बंट कर रह गए है और लोग मरने मारने पर उतारू हो जाते हैं।
जसदेव सिंह के प्रभाव ने आज वो सब कहलवा दिया जो मैं अपने बचपन के दोस्त मंजीत सिंह "हैप्पी" से उस समय कहना चाहता था।
आवाज़ों की बात हो और उस बहती हुई आवाज़ का ज़िक्र न हो जिसने हर बुद्धवार रात आठ बजे से पहले पूरे परिवार के सदस्यों को अपने अपने रूटीन काम निपटा कर एक घंटे के लिए एक जुट होने को बाध्य कर दिया था....!
जी हां भाइयों और बहनों ...आप सही सोच रहे हैं ...मैं बात कर रहा हूँ रेडियो सीलोन से प्रसारित होने वाली बिनाका गीत माला के एंकर "अमीन सयानी" साहब की जिनका नाम बिनाका गीत माला का पर्याय बन चुका था ..
हर बुद्धवार रात पौने आठ बजे से रेडियो के इर्द गिर्द हलचल मचनी शुरू हो जाती थी I रेडियो ट्रांसिस्टरों के एरियल दुरुस्त करने के साथ शार्ट वेव पर रेडियो सीलोन सेट कर दिया जाता था, घर के सभी सदस्यों का खाने से लेकर बच्चों का होमवर्क तक आठ बजे से पहले खत्म हो जाता था । ठीक आठ बजे रेडियो पर एक आवाज़ गूंजती थी " बहनों और भाइयों !! मैं आपका दोस्त अमीन सयानी एक बार फिर से ले कर आया हूँ बिनाका गीत माला "और उसके बाद शुरू होती थी एक घंटे की पारिवारिक रोलर कोस्टर राइड जिसमें पायदान,रिकॉर्डों की बिक्री,श्रोता संघों की राय,सरताज गीत जैसे उस समय के सर्वाधिक लोकप्रिय शब्दों का प्रयोग कर अमीन सयानी नामक आवाज़ का ये जादूगर सबको अचंभित करता रहता था। शायद ये हिंदी फिल्मी गीतों का पहला काउंट डाउन प्रोग्राम था, जिसने देश के मानस पर कई दशकों तक राज किया। हफ्ते,महीने और पूरे साल के सबसे लोकप्रिय गानों को बिनाका गीत माला में अमीन सयानी अपनी मखमली आवाज़ में मोतियों सा ऐसा पिरोते थे कि एक घंटे के उस कार्यक्रम में घर का कोई सदस्य हिलता तक नही था। भाइयों बहनों में शर्त लगा करती थी कि इस हफ्ते का सरताज गीत कौन सा होगा जिसको बजाने से पहले अमीन सयानी बिनाका गीत माला का चिरपरिचित बिगुल बजवाएँगे। उस बिगुल की आवाज़,इक्कीस तोपों की सलामी से भी ज्यादा सम्मानजनक मानी जाती थी।
अमीन सयानी सिर्फ एक रेडियो जॉकी नही थे,बल्कि जैसे परिवार के सदस्य थे। हर श्रोता को लगता था कि वो उसी से बातें कर रहे हैं। इसीलिए परिवार में वो अमीन भाई या अमीन अंकल के नाम से संबोधित किये जाते थे। हर गाने के साथ एक कहानी,उनकी ज़ुबानी होती थी और जब वो बताते ये गाना दस पायदानों की लंबी छलांग लगा कर इस हफ्ते का सरताज गीत बना है तो हम भगवान से यही मनाते थी कि गाना आने से पहले रेडियो के सिगनल कट न जाएं क्योंकि रेडियो सीलोन को शॉर्टवेव पर लगातार ट्यून रखना एक दुष्कर कार्य होता था।
हर वर्ष दिसंबर के आखिरी सप्ताह में उस साल के टॉप गाने बजाए जाते थे और आखिर में बजता था उस साल का सबसे लोकप्रिय गीत ,जिसे सुनने,जानने की जिज्ञासा अपने चरम पर होती थी। बिनाका गीत माला का वार्षिक कार्यक्रम किसी पाक दरगाह के सालाना उर्स की तरह होता था, जिसमे हर जायरीन शिरकत करने चाहता था।
कुछ अलग अलग वर्षों के साल के शीर्ष गाने जो अभी बेतरतीब क्रमांक में ज़ेहन में आ रहे है ..वो थे "बहारों फूल बरसाओ मेरा महबूब आया है,दिल विल प्यार व्यार में क्या जानू रे, ज़िंदगी एक सफर है सुहाना,दम मारो दम, यारी है ईमान मेरा यार मेरी ज़िंदगी आदि"
अमीन साहब शतायु हों ये मेरी ईश्वर से प्रार्थना है। उनकी सदाबहार,मनमोहक और दिलकश आवाज़ की रवानी सदैव बनी रहे।
अलग विधाओं के,अलग प्रान्तों के और अलग मज़हबों के ये तीन महारथी, दशकों तक तिरंगे के समान अपनी आवाज़ का परचम फहराते रहे और अपनी ईश्वरीय अनुभूति वाली वाणी से आज तक हम भारतीयों के हृदय में विशिष्ट स्थान बनाये हुए हैं।
जनाब बशीर बद्र साहब की दो पंक्तिया देवकी नंदन पांडेय,जसदेव सिंह और अमीन सयानी को समर्पित है ....
गले में उसके, ख़ुदा की अजीब बरकत है,
वो बोलता है तो इक रौशनी सी होती है ।
वो बोलता है तो इक रौशनी सी होती है ।
आपका जीवन सदैव सुमधुर संगीत की तरह आनंदमय रहे,और आपकी आवाज भी आपकी पहचान बने,इसी आकांक्षा के साथ….
.... अतुल
No comments:
Post a Comment